07/09/2026
दुमका: सदर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में ले जाने की तैयारी, शहरवासियों में नाराजगी
दुमका शहर में सदर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थानांतरित किए जाने की चर्चा के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि सदर अस्पताल वर्षों से शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए इलाज का प्रमुख केंद्र रहा है। ऐसे में इसे मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित करना आम जनता के हित में उचित नहीं है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सदर अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल के स्थानांतरण से शहरवासियों के साथ-साथ दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
शहरवासियों ने सरकार और जिला प्रशासन से इस फैसले पर पुनर्विचार करने तथा दुमका की जनता के हित को ध्यान में रखते हुए सदर अस्पताल को वर्तमान स्थान पर बनाए रखने की मांग की है।
दुमका शहर में अब यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।